चंडीगढ़ से नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) ने आईएसबीटी-17 से एयरपोर्ट तक सीधी बसें शुरू की हैं। ये बसें सुबह 4.50 बजे से लेकर शाम चार बजे तक चंडीगढ़ से रवाना होंगी और इसके लिए लोगों को 485 रुपये चुकाने होंगे।
सीटीयू पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों के लिए सीधी बसें चला रहा है। लोगों की मांग को देखते हुए ही चंडीगढ़ से दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए हीटिंग, वेंटिलेटिंग और एयर कंडीशनिंग (एचवीएसी) सीधी बस शुरू की जा रही हैं। यह बसें आईएसबीटी-17 से चलेंगी। इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी लोगों को सीटीयू की बस आईएसबीटी-17 के लिए मिलेगी।
यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी: विवाहित व्यक्ति का सहमति संबंध में रहना दूसरे विवाह जैसा अपराध, याचिका खारिज
चंडीगढ़ से रोजाना सुबह 4:50, सुबह 6:00 बजे, दोपहर 3:00 बजे और शाम 4:00 बजे आईजीआई एयरपोर्ट के लिए बसें रवाना होगी और एयरपोर्ट से आईएसबीटी-17 के लिए सुबह 11:30 बजे, दोपहर 1:00 बजे, रात 10:00 बजे और रात 11:00 बजे बसें चलाई जाएंगी। प्रत्येक सवारी का किराया 485 रुपये तय किया गया है। बता दें कि हरियाणा रोडवेज द्वारा भी एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए शटल बस सर्विस की सुविधा दी जा रही है लेकिन चंडीगढ़ की एसी बसों में किराया कम होने की वजह से उनकी मांग काफी ज्यादा होती है।
लंबी दूरी के लिए 60 नॉन-एसी बस खरीद रहा है सीटीयू
यूटी प्रशासन का परिवहन विभाग लंबी दूरी के लिए 60 नॉन-एसी बसें खरीदने जा रहा है। इसके लिए विभाग ने टेंडर भी जारी कर दिया है। ज्यादा से ज्यादा कंपनियां टेंडर में हिस्सा लें इसके लिए कुछ दिन पहले एक प्री-बिड बैठक भी रखी गई थी। इन बसों के आने के बाद विभाग कई रूटों पर बसों की संख्या को बढ़ाएगा। साथ ही कुछ नए रूट शुरू करने की भी योजना है। इसके अलावा सीटीयू लोकल रूट पर छह महीने के अंदर 100 ई-बसें उतारने की भी तैयारी कर रहा है। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत सीटीयू को 100 बसों के लिए केंद्र सरकार से प्रति किमी 24 रुपये की सब्सिडी मिलेगी।