चंडीगढ़। मुल्लांपुर स्टेडियम में आईपीएल सीजन के आखिरी मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों का सैलाब उमड़ा। रविवार को स्टेडियम खचाखच भर गया। लगभग 33 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के सभी स्टैंडों पर जबरदस्त भीड़ दिखाई दी। दर्शक अपने फेवरेट टीम टीम पंजाब किंग्स की जीत की आस में स्टेडियम पहुंचे, लेकिन पंजाब किंग्स की हार ने उन्हें मायूस कर दिया। इस मैच की खास बात यह रही कि गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने अपने प्रदर्शन से हजारों दर्शकों को दिल जीत लिया। चौके-छक्के लगने पर दर्शकों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। उन्होंने डीजे की धुन पर पंजाबी गानों पर भंगड़ा किया। टीम को जिताने के लिए प्रशंसक पंजाब किंग्स के लाल रंग के झंडे और टीम के खिलाड़ियों की जर्सी पहने हुए स्टेडियम में पहुंचे। टीम के खिलाड़ियों की ओर से लगाए जाने वाले हर चौके-छक्के पर क्रिकेट प्रशंसक हाथों में झंडे लेकर लहराते हुए खुशी मनाई।
लोकल बॉय शुभम गिल और शिखर धवन की जर्सी पहने पहुंचे दर्शक
लोकल बॉय शुभमन गिल और पंजाब टीम के कप्तान शिखर धवन की जर्सी की दर्शकों में भारी डिमांड देखने को मिली। भले ही इस मुकाबले में शिखर धवन नहीं खेले, लेकिन फैंस उनके नाम की जर्सी पहने पहुंचे। क्रिकेट प्रशंसक दोनों खिलाड़ियों की जर्सी पहनते हुए दर्शक स्टैंड पर मोबाइल फोन पर जमकर सेल्फी खींचते हुए नजर आए।
बॉक्स सावधानी बरतने के लिए किया अनाउंसमेंट
मुल्लांपुर स्टेडियम में आईपीएल के मुकाबले के लिए स्टेडियम में बने सभी एंट्री गेटों पर अनाउंसमेंट की जा रही थी कि कोई भी पानी की बोतल, नुकीली चीज और सिक्के लेकर स्टेडियम में प्रवेश न करें। अगर किसी के पास ऐसा कोई भी सामान है तो अपनी गाड़ी में रख दे। एसपी तुषार गुप्ता की अगुवाई में 40 से 50 पुलिसकर्मियों का एक दल दर्शकों को एंट्री गेट के बारे में जागरूक कर रहे थे। इससे पहले के मुकाबलों में दर्शकों को इस बारे में जानकारी नहीं होती थी और उन्हें प्रवेश द्वार पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वहीं, दर्शकों के लिए हर गेट के लिए अलग से एंट्री गेट भी बनाया गया था।