माइनर वर्क्स के नाम पर करोड़ों खर्च, कमिश्नर ने मांगा पाई-पाई का हिसाब
चारों इंजीनियरिंग विंगों से तलब की रिपोर्ट, हर काम की मंजूरी और भुगतान का रिकॉर्ड देना होगा पब्लिक हेल्थ विंग ने सात महीने में खर्च किए 24.97 करोड़
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। नगर निगम में माइनर वर्क्स और मेंटेनेंस के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के खर्च का अब हिसाब होगा। कमिश्नर अमित कुमार ने वीरवार को बीएंडआर, पब्लिक हेल्थ, हॉर्टिकल्चर और इलेक्ट्रिकल विंग के इंजीनियरों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। इसमें हर काम की प्रशासनिक मंजूरी, एस्टीमेट, वर्क ऑर्डर, पूरा होने और भुगतान का ब्योरा देना होगा।
समीक्षा में बीएंडआर विंग ने बताया कि सेक्टर-17 कमर्शियल बेल्ट में पेवर ब्लॉक लगाने और बैक लेन की मरम्मत पर 2.20 करोड़ रुपये खर्च हुए। छह एस्टीमेट एफएंडसीसी से मंजूर हुए थे। रायपुर कलां और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की गौशालाओं के काम हाउस की 8 अप्रैल 2026 की बैठक में मिली मंजूरी से हुए। विंग ने स्पष्ट किया कि 5.61 करोड़ और 9.90 करोड़ रुपये के काम माइनर वर्क्स बजट से नहीं हुए।
पब्लिक हेल्थ विंग ने 1 अप्रैल से 28/29 अक्तूबर तक माइनर और अर्जेंट-इमरजेंट वर्क्स पर 24.97 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी। वहीं, हॉर्टिकल्चर और इलेक्ट्रिकल विंग ने पार्कों, ग्रीन बेल्ट, टॉयलेट, फाउंटेन और अन्य सुविधाओं के रखरखाव पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च बताए। कमिश्नर ने सभी आंकड़ों का वित्तीय रिकॉर्ड से मिलान कर दस्तावेजों सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।