हरियाणा सरकार कोविड-19 मामलों में अचानक वृद्धि के मद्देनजर इस बार भी फसल खरीद केंद्र बढ़ाएगी। पहली अप्रैल 2021 से शुरू हो रहे खरीद सीजन को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ में अधिकारियों के साथ बैठक की। किसानों व आढ़तियों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए खरीद केंद्र बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसलों और खाली पड़ी कृषि योग्य भूमि का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष खरीद प्रक्रिया के दौरान सरकार ने किसानों के खातों में सीधे शत-प्रतिशत ऑनलाइन भुगतान करने का निर्णय लिया है। पिछले साल 50 प्रतिशत से अधिक भुगतान सीधे किसानों के खातों में किया था और शेष भुगतान आढ़तियों के माध्यम से किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बारे में आढ़तियों से बातचीत कर लें।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रशासनिक सचिवों, जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, नगर निगम आयुक्तों, मुख्य और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों, भारतीय चिकित्सक संघ के राज्य और जिला एसोसिएशन के साथ कोविड-19 स्थिति, टीकाकरण, खरीद व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज अंबाला से बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल कटाई का मौसम नजदीक है, इसलिए खरीद केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मंडियों में ये व्यवस्था भी करनी होगी
- खरीद कार्यों में लगे लोगों के स्वास्थ्य जोखिम को कम करने के लिए पहले की तरह पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था
- प्रत्येक खरीद केंद्र पर कोविड-19 सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन
- मजदूरों की उपलब्धता, धर्मकांटा, बारदाना और सिलाई मशीन
- परिवहन की व्यापक व्यवस्था। ट्रांसपोर्टर के 48 घंटों के भीतर फसल उठान करने में विफल रहने पर अन्य वैकल्पिक परिवहन प्रबंध
- आढ़तियों और किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो