जिला पुलिस ने एक किलोग्राम हेरोइन ट्राइसिटी में सप्लाई करने जा रहे एक व्यक्ति को काबू किया है। आरोपी से बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।
आरोपी की पहचान जसवीर (49 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जिला अमृतसर के थाना लोपोके के गांव मदोके का रहने वाला है। उसे अदालत ने 2001 से भगौड़ा घोषित कर रखा है। पुलिस द्वारा शनिवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे 11 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक थाना फेज-1 पुलिस एवं सीआईए स्टाफ ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से फेज-6 स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास विशेष नाका लगाया हुआ था। रात साढ़े दस बजे एक्टिवा (पीबी 02 बीयू 5328 ) पर एक व्यक्ति आ रहा था। पुलिस को देखकर वह एक्टिवा छोड़कर भागने लगा। इसी दौरान पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
तलाशी में एक्टिवा की डिगी से एक किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना फेज-1 में एनडीपीएस एक्ट के तहत पर्चा दर्ज किया है। शनिवार दोपहर आरोपी को अदालत में पेश किया गया।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के लिए 7 दिन के रिमांड की मांग की। अदालत ने पुलिस के तथ्यों पर विचार करने के बाद आरोपी को 11 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
जिक्रयोग है थाना फेज-1 पुलिस ने 26 मई को एक इंटरनेशनल कराटे खिलाड़ी को भी हेरोइन समेत काबू किया था। उसके पास 150 ग्राम की हेरोइन बरामद हुई थी। जिसकी इंटरनेशनल बाजार में 75 लाख रुपये कीमत थी।