तांत्रिक विद्या और पूजा-पाठ के नाम पर भरोसे में लेकर चंडीगढ़ की एक महिला से 27 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। रायपुर खुर्द निवासी पीड़ित महिला पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उसने तांत्रिक बाबा रामेश्वर संपर्क किया। बाबा ने जीवन की परेशानियां दूर करने का दावा किया।
पीड़िता के अनुसार वह लंबे समय से पारिवारिक और आर्थिक तनाव से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कहा कि एक प्रभावशाली तांत्रिक बाबा विशेष पूजा और अनुष्ठान से उसकी सभी समस्याएं खत्म कर सकता है। शुरुआत में 101 रुपये ट्रांसफर करवाए और कहा गया कि पूजा सामग्री, हवन और विशेष अनुष्ठान के लिए खर्च जरूरी है। भरोसा बढ़ने पर आरोपी लगातार फोन कर नई-नई पूजा, सुरक्षा यज्ञ, बाधा निवारण और ग्रह दोष दूर कराने के नाम पर पैसे मंगवाने लगा।
आरोपी हर बार यह भरोसा दिलाता था कि अगली पूजा के बाद हालात पूरी तरह बदल जाएंगे। कभी कहा जाता कि पूजा अधूरी रह गई है, कभी किसी विशेष सामग्री की तुरंत जरूरत बताई जाती थी। पीड़ित भावनात्मक दबाव और डर के कारण रुपये भेजती रही।
शिकायत के अनुसार फरवरी 2024 से जनवरी 2025 तक गूगल पे और बैंक खातों के जरिए दर्जनों बार ट्रांजेक्शन कराए गए। कभी 5 हजार, 10 हजार रुपये तो कभी 25 हजार, 50 हजार, 80 हजार और एक लाख रुपये तक भेजे गए। कई बार अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई गई ताकि संदेह न हो। अधिकतर पैसे दिनेश कुमार के खाते में भेजे गए, जबकि कुछ रकम अन्य खातों में भी ट्रांसफर हुई।
दस्तावेजों के मुताबिक पहले चरण में करीब 18,17,947 रुपये ट्रांसफर हुए। बाद में और रकम भेजी गई, जिससे कुल नुकसान बढ़कर लगभग 27,10,447 रुपये हो गया।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने पूजा का कोई असर नहीं देखा और अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पहले बहाने बनाने लगा और फिर फोन उठाना ही बंद कर दिया गया। इसके बाद संपर्क पूरी तरह टूट गया।
पीड़ित को शक है कि तांत्रिक बाबा का हवाला देकर पूरा जाल रचा गया और उसी के नाम पर रकम ऐंठी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि तांत्रिक बाबा वास्तव में मौजूद है या यह केवल ठगी का तरीका था।