पंजाब के होशियारपुर जिले से आकर एक महिला ने वार्ड नंबर-4 की रतपुर कालोनी स्थित अपने घर में चुन्नी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
मृतका अपने पति व बच्चों के साथ गांव चठियालिया थाना गढ़दीवाला जिला होशियारपुर में रहती थी और पिंजौर में भी उसका एक घर है। पति ने गढ़दीवाला थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। बहरहाल, जांच अधिकारी व सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से सैंपल लिए।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गत दिवस बीना के पति ने थाना गढ़दीवाला में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पिंजौर में अपने पड़ोसी वरिंद्र कुमार से फोन करके पत्नी के बारे में पूछा।
रात करीब 11:45 बजे बीना अकेली ही पिंजौर स्थित अपने घर पहुंची तो वरिंद्र सिंह ने उसके पति हरकेश लाल को इसकी सूचना दी। हरकेश लाल सुबह करीब पांच बजे पिंजौर पहुंचा तो कमरे के दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद थी। उसने आवाज लगाई और दरवाजा नहीं खोलने पर खिड़की से देखा तो बीना पंखे से लटक रही थी।