विजिलेंस टीम ने साढ़े 11 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पंजाब पुलिस के एएसआई को गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपी ने जमानती बांड लेने की एवज में दो हजार रुपये वसूले थे।
आरोपी एएसआई हरविंदर सिंह चौकी गोलेवाला जिला फरीदकोट में तैनात है। विजिलेंस थाना फिरोजपुर ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विजिलेंस अधिकारी के मुताबिक आरोपी एएसआई हरविंदर सिंह को दिलप्रीत सिंह निवासी गांव गोले वाला, जिला फरीदकोट की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता दिलप्रीत ने विजिलेंस के पास पहुंचकर आरोप लगाया था कि उक्त एएसआई उसके और उसके भाई के खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में दर्ज हुए एक पुलिस केस संबंधी जमानती बांड कबूलने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त आरोपी पहले भी उससे रिश्वत की पहली किश्त के तौर पर 2000 रुपये ले चुका है और अब रिश्वत के बाकी 13,000 रुपये देने का दबाव बना रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस मुलाजिम के साथ हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली और सबूत के तौर पर विजिलेंस ब्यूरो को सौंप दिया।
विजिलेंस प्रवक्ता ने बताया कि विजिलेंस टीम फिरोजपुर रेंज ने इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद जाल बिछाया और उक्त आरोपी एएसआई को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 11,500 रुपये की रिश्वत लेते काबू कर लिया और रिश्वत की रकम को बरामद कर लिया है। एएसआई के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।