हरियाणा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के इनामी बदमाश को पलवल से धर दबोचा है। यह इनामी बदमाश हत्या व लूट जैसे संगीन वारदातों में वाछित और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा वांटेड था। हरियाणा पुलिस ने पलवल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गश्त के दौरान इसे धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से देसी कट्टा और तीन कारतूस बराद हुए हैं। आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर के मोरना निवासी अजीत के रूप में हुई है। यह जानकारी हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने दी है।
प्रवक्ता ने बताया कि पलवल में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली। जिसके बाद क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी तुरंत हरकत में आई और उत्तर प्रदेश के 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी अजीत को धर दबोचा।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मुजफ्फरनगर और मेरठ पुलिस ने हत्या व लूट की वारदातों में अपराधी की गिरफ्तारी पर 25000-25000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। प्रवक्ता ने बताया कि अजीत यूपी में लगभग डेढ़ दर्जन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। आरोपी मुजफ्फरनगर जिले के भोपा पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
मामला दर्जकर उसके आपराधिक रिकॉर्ड की छानबीन की जा रही है। बता दें कि हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव के निर्देश पर हरियाणा पुलिस लगातार अपराधियों की धरपकड़ में लगी है। इसी कड़ी में पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।