फतेहाबाद में रविवार दोपहर को गांव दौलतपुर मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्राली से टकराकर श्रद्वालुओं से भरा ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार दो साल के बच्चे की मौत हो गई। इसके अलावा हादसे में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और थ्री व्हीलर ड्राइवर व उसका बेटा घायल हो गया। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। ऑटो सवार सभी लोग फतेहाबाद के आजाद नगर निवासी हैं और गांव करनौली में पितृदेव के मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे।
मृतक बच्चे की पहचान आजाद नगर निवासी दो वर्षीय नक्ष के रूप में हुई है। इसके अलावा हादसे में 44 वर्षीय सुमित्रा, 40 वर्षीय गिरदावरी देवी, 40 वर्षीय अलका रानी, पांच वर्षीय लव, तीन वर्षीय संगम, छह वर्षीय नूर, थ्री व्हीलर चालक श्रवण व उसका बेटा रवि घायल हैं।
चालक श्रवण ने बताया कि मोहल्ले की सुमित्रा देवी ने गांव करनौली के मंदिर में माथा टेकने के लिए ऑटो किराए पर किया था। रविवार दोपहर को ऑटो में उसका बेटा रवि और तीन महिलाओं और बच्चों को लेकर गांव करनौली मंदिर जा रहे थे। फोरलेन पर जब गांव दौलतपुर मोड़ के पास पहुंचे तो फतेहाबाद की तरफ से अचानक लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने आकर टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ऑटो पलट गया। हादसे में सभी लोग ऑटो में फंस गए और बच्चा नीचे दब गया। राहगीरों ने सभी को बाहर निकाला और एंबुलेंस को फोन किया। जिसके बाद सभी को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां पर गंभीर रूप से घायल दो वर्षीय बच्चे नक्ष को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।