कार की टक्कर लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जीएमसीएच-32 में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास कार चालक ने पहले एक्टिवा को टक्कर मारी। एक्टिवा पर बहलाना निवासी राकेश राय अपनी पत्नी रिंकू राय के साथ घर जा रहे थे।
एक्टिवा को टक्कर मारने के बाद कार चालक ने एक और मोटरसाइकिल चालक को टक्कर मारी। मोटरसाइकिल पर विजय अपनी पत्नी मनीता और दो बेटों तन्मय (6) और हरीश (4) के साथ जीरकपुर अपने घर जा रहे थे।
हादसे में सभी पांचों लोग बुरी तरह घायल हो गए। टक्कर मारकर कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने 100 नंबर पर फोन कर दुघर्टना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पीसीआर सभी को अस्पताल ले कर गई। जहां पर डाक्टरों ने एक्टिवा सवार महिला रिंकू राय को देखते ही मृत घोषित कर दिया।