विजिलेंस की टीम ने दो पुलिस कर्मचारियों को रंगे हाथों मजात चौकी के बाहर से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। आरोपियों की पहचान मजात चौकी के इंचार्ज एएसआई सरताज सिंह और हवलदार श्याम सुंदर के रूप में हुई है।
दोनों को विजिलेंस बुधवार को अदालत में पेश करेगी। दोनों को गिरफ्तारी की पुष्टि विजिलेंस के एसपी हरगोबिंद सिंह ने की। जीकरपुर निवासी जसविंदर सिंह ने विजिलेंस को दी शिकायत में कहा था कि पुलिस चौकी मजात के इंचार्ज एएसआई सरताज सिंह और हवलदार श्याम सुंदर एक केस में उसे फंसाने से बचाने के लिए एक लाख रुपये रिश्वत के तौर पर मांग रहे थे।
दो अक्तूबर को वह अपनी एक महिला साथी के साथ लांडरां मार्ग पर खड़ा था। इसी दौरान उक्त पुलिस वालों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। साथ ही कहा कि उस पर किसी भी महिला के साथ पकड़े जाने का कोई भी गलत केस दर्ज कर देंगे।
दोनों पुलिसवालों ने केस से बचाने के लिए जसविंदर सिंह से एक लाख रुपये की मांग की। एक लाख रुपये दो किश्तों में देने की बात तय हुई थी।
मंगलवार को इस रिश्वत की पहली किश्त 50 हजार रुपये देनी तय हुई थी। इसी बीच विजिलेंस ने दोनों को ट्रैप लगाकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ प्रीवेंशन ऑफ क्रप्शन एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।