बटाला के गांव भागीनंगल कें पास दो मोटरसाइकिलों की आपस में हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला गंभीर घायल हो गई, जिसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया। घटना मंगलवार सुबह 11 बजे की है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार दोनों के शवों का पोस्टमार्टम बटाला के सिविल अस्पताल में करवाया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरमुख सिंह निवासी गांव भागियां अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए गांव राउवाल जा रहा था। दूसरी ओर से लखबीर सिंह निवासी गांव अत्तेपुर अपनी पत्नी परमजीत कौर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कादियां को आ रहा था। जब यह दोनों गांव भागीनंगल के नजदीक पहुंचे तो राधा स्वामी सत्संग घर के बाहर दोनों मोटरसाइकिलों की आपस में जबरदस्त टक्कर हो गई। घटना में गांव भागियां का गुरमुख सिंह सड़क के किनारे गिर गया, जिसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जबकि लखबीर सिंह और उनकी पत्नी परमजीत कौर जख्मी हो गए, जिन्हें गंभीर अवस्था में कादियां के नजदीकी निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने बताया है कि लखबीर सिंह का चूला और टांगे टूट चुकी हैं, जिस कारण उन्हें गंभीर अवस्था में अमृतसर के लिए रेफर कर दिया गया है।
लखबीर सिंह की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि परमजीत कौर का उपचार चल रहा है। घटना के बाद गुरमुख सिंह का इकलौता बेटा जतिन्द्र सिंह मौके पर पहुंचा। एसएचओ कादियां सुदेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को बटाला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।