रायकोट बरनाला मुख्य मार्ग पर स्थित गांव ददाहूर के नजदीक बनी सेम पुली की रेलिंग पर एक बेकाबू कार के टकराने सें दो लोगों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की सुबह करीब सवा दस बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद थाना जलालदीवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से गाड़ी को काटकर घायलों को बाहर निकाला। घायल की पहचान गुरशरण सिंह के रूप में हुई है। मृतक की पहचान कृष्ण के रुप में हुई है, जबकि मृत युवती की पहचान नहीं हो सकी।
चौंकी जलालदीवाल के इंचार्ज सैय्यद शकील नें बताया कि नंवाशहर के कस्बा औड का रहने वाला गुरशरण सिंह उर्फ सोना अपने दोस्त कृष्ण कुमार व एक अन्य युवती के साथ गुरुवार की सुबह घर से निकला था। गुरशरण सिंह नें माथा टेकने के लिए आनंदपुर साहिब जाने की बात कह अपनी बुआ बलवीर कौर से आल्टो कार मांगी थी।
गुरुवार को माथा टेकने के लिए घर से निकले। दोनो दोस्तों की आल्टो कार शुक्रवार को एक मोटरसाइकिल सवार को बचाती हुई बेकाबू हुई और सड़क किनारे रेलिंग पर जा टकराई।
घटना के बाद कार की पिछली सीट पर बैठी युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोनो दोस्तों रायकोट के प्राईवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां डाक्टरों ने कृष्ण को मृतक करार दिया। खबर लिखे जाने तक गुरशरण का इलाज चल रहा था उसकी हालत भी गंभीर ही बताई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक घटना के समय कार को कृष्ण चला रहा था और गुरशरण साथ वाली सीट पर बैठा था।