चंडीगढ़ में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
शादी से लौट रहे परिवार की कार का ट्रक के साथ एक्सीडेंट हो गया। हादसे में दो बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 4 घायल हुए। हादसा चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शनिवार शाम को हुआ।
घायलों में एक व्यक्ति को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान अमृतसर निवासी त्रिलोक चंद (70) और धर्मपाल (80) के रूप में हुई है।
जबकि आठ साल का रिहान, राजीव (30), अशोक (35) और यशपाल (75) घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल हुए यशपाल को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जबकि बाकी के तीनों घायलों का इलाज जीएमसीएच-32 में ही इलाज चल रहा है।
जीरकपुर में शादी समारोह के बाद रेलवे स्टेशन जा रहे थे
चंडीगढ़ में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
अस्पताल में पहुंचे इंस्पेक्टर ट्रैफिक रंजीत ढिल्लो ने बताया कि पीड़ित परिवार अपने रिश्तेदार की शादी में जीरकपुर आया हुआ था। शाम को वो अपनी कार में रेलवे स्टेशन जा रहे थे, तभी कॉलोनी नंबर-4 की तरफ से आ रहे ट्रक के साथ कार की आमने सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आस-पास मौजूद लोगों ने 100 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर सभी घायलों को जीएमसीएच-32 लेकर गई। जहां डाक्टरों ने दो बुजुर्ग व्यक्तिों को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा कर जांच शुरू कर दी है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 पुलिस थाने में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।