थाना फेज-1 पुलिस ने शहर में बतौर पेइंग गेस्ट(पीजी) रहने वाले युवक और युवतियों के कमरों में घुस कर उनके लैपटॉप चोरी करने के मामले में बुधवार को दो युवकों को काबू किया है।
पुलिस ने इनको एक गुप्त सूचना के आधार पर लगाए गए नाके के दौरान काबू किया। इनके पास से पुलिस ने 38 लैपटॉप बरामद किए हैं।
थाना फेज-1 में एसपी(डी) गुरशरन सिंह गरेवाल ने बताया कि थाना फेज-1 पुलिस को सूचना मिली की लुधियाना के डुगरी निवासी मनप्रीत सिंह और मोगा निवासी पृतपाल सिंह शहर में चल रहे पीजी में घुस कर कमरों में से लैपटॉप चोरी करता है।
सूचना के बाद पुलिस ने फेज-1 स्थित इंडस्ट्रीयल एरिया में नाका लगाया। नाके के दौरान एक जैन कार आई जिसमें यह दोनों आरोपी सवार थे। इनको तुरंत कार समेत काबू कर इनकी कार की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार में से तीन लैपटॉप मिले। तीनों लैपटॉप ब्रांडेड कंपनी के थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनसे कब्जे से 35 और लैपटॉप बरामद किया ये सभी पीजी में से चुराए गए थे। सारे लैपटॉप मनप्रीत सिंह के घर लुधियाना में रखे हुए थे।
इनमें से गिरफ्तार किया गया पृतपाल कबड्डी प्लेयर है। वह इंग्लैंड में रहता था और कुछ महीनों पहले ही भारत किसी बिजनेस के सिलसिले में आया था।