मोगा के कस्बा बाघापुराना स्थित पंजाब स्टेट वेयरहाउस कारपोरेशन के गोदाम में मंगलवार की शाम गेहूं की बोरियों के नीचे दबकर दो चौकीदारों की मौत हो गई। थाना बाघापुराना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। जानकारी के अनुसार गोदाम में मंगलवार की शाम को साफ सफाई का काम चल रहा था। इस दौरान ठेकेदारी के तहत वहां पर चौकीदारी करने वाले बलजीत सिंह निवासी गांव जैमलवाला (24) और भजन सिंह (48) निवासी गांव राजेआना भी सफाई कर रहे थे।
इस दौरान गेहूं की बोरियां लगाने के लिए बना लकड़ी का ढांचा टूट गया। इससे गेहूं की बोरियां दोनों चौकीदारों के ऊपर गिर गईं और दोनों घायल हो गए। अन्य कर्मचारी दोनों को मोगा के सिविल अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह दोनों की मौत हो गई। एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि मामले में 174 की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को उनके परिवार के हवाले कर दिया गया है।