राजपुरा-अंबाला नेशनल हाईवे पर रविवार रात एसवाईएल नहर के पास हुए हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। थाना शंभू के पुलिस इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह ने बताया कि बीती देर रात 10 बजे के करीब सुनील मुखीजा (50) निवासी सतगुरु नगर चंडीगढ़ रोड लुधियाना अपनी रिश्तेदार सूरज कांता (50) निवासी दुर्गापूरी हैबोवाल लुधियाना के साथ कार में दिल्ली से लुधियाना वापस आ रहे थे।
जब वह हाईवे नंबर-1 राजपुरा-अंबाला रोड पर एसवाईएल नहर के पास पहुंचे तो डायवर्जन होने के चलते उनकी कार नहीं मुड़ पाई और गाड़ी कीचड़ में जा फंसी। इस दौरान वहां से जा रहे एक राहगीर गुरप्रीत सिंह (25) निवासी गांव सूरत मनोली थाना बनूड़ ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।
इसी दौरान करनाल के अज्ञात कार चालक ने अपनी कार लापरवाही से चलाते हुए कीचड़ में फंसी कार को टक्कर मार दी। कार चालक अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को राजपुरा सिविल अस्पताल के शव गृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। हादसे में कार सवार सुनील मुखीजा, सूरज कांता और कार निकलवाने गए गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई।