पंजाब में तीन अलग-अलग जगहों पर पुलिस के तीन अलग-अलग चेहरे सामने आए हैं। जालंधर में नशा करते पकड़े गए तो लुधियाना में विवादित नसीहत दे डाली। बटाला में पिटे।
हेरोइन का नशा ले रहा था सिपाही दबोचा
जालंधर में थाना सात की पुलिस ने साथियों के साथ नशा कर रहे एक सिपाही को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान थाना रामामंडी में तैनात सिपाही मनजिंदर सिंह के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामारी करते हुए सिपाही समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएचओ नवदीप सिंह ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि इलाके में सिपाही समेत कुछ युवक नशा कर रहे हैं। एएसआई सुरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने रेड करते हुए नशा करने वाले सभी आरोपियों को काबू कर लिया।
आरोपियों में सिपाही मनजिंदर सिंह, प्राक्रमिया शर्मा और अर्श सैनी के रूप में हुई है। इन सभी आरोपियों को हेरोइन का नशा करते हुए गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न जगहों से चार नशा तस्करों राहुल, बलजीत सिंह, विशु, मनवीर सिंह को पकड़ा है।
सभी आरोपियों से 428 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशा तस्कर राहुल और मनवीर सिंह को सुभाना मोड़ जालंधर कैंट से जबकि बलजीत सिंह को जालंधर कैंट में अटवाल हाउस के पास और विशु कुमार को डिफेंस कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिसवाले चेन नहीं पहनते तो तुम क्यों?
Women police Station
लुधियाना। जमालपुर की आहलूवालिया कॉलोनी में ब्यूटी पार्लर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला से रविवार सुबह करीब छह बजे बाइक सवार लुटेरे चेन छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एएसआई मनजीत सिंह ने पीड़िता को ही नसीहत देनी शुरू कर दी और कहा कि जब हम पुलिसवाले चेन नहीं पहनते तो तुम लोग क्यों ऐसे घूमते हो? यह सुनकर मौजूद लोग भड़क गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस कमिश्नर और डीसीपी से एएसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एमआईजी फ्लैट की रहने वाली मोनिका ने कहा कि आहलूवालिया कॉलोनी में उसका ब्यूटी पार्लर है। रविवार सुबह पार्लर खोलने के बाद वह बाहर सफाई कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसकी चेन छीन ली। उसने काफी दूर तक दोनों का पीछा किया, लेकिन आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलने पर थाना जमालपुर से एएसआई मनजीत सिंह पहुंचे लेकिन उन्होंने उल्टा उसे ही चेन न पहनने की नसीहत दे डाली। इस बारे में एसीपी साहनेवाल गुरजीत सिंह ने कहा कि ऐसी कोई शिकायत उनकी जानकारी में नहीं है लेकिन अगर किसी पुलिस मुलाजिम ने लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एएसआई को खंभे से बांधकर पीटा
हादसे में युवक की मौत से भड़की पुलिस ने एएसआई को पीटा
- फोटो : अमर उजाला
बटाला। डेरा बाबा नानक रोड पर रविवार को सड़क हादसे में एक नौजवान की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस की मौजूदगी में आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। इससे गुस्साए लोगों ने एएसआई को बंधक बना लिया और टेलीफोन के खंभे से बांधकर पिटाई कर दी। लोगों का आरोप था कि एएसआई ने ही ट्रैक्टर चालक को भगाने में मदद की है।
गांव तारागढ़ निवासी सरबजोत सिंह रविवार सुबह करीब 11 बजे एटीएम से रुपये निकालने के बाद अपने घर रहा था। उसका दोस्त जगजीत सिंह बाइक पर पीछे बैठा था।
डेरा बाबा नानक बाइपास पर पुल के नीचे दूसरी ओर से आ रही ट्रॉली गलत साइड से मुड़ गई और सरबजोत की बाइक से सीधी टक्कर हो गई। सरबजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और जगजीत सिंह घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन में तैनात एएसआई निरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक भाग गया। इस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एएसआई को घसीटना शुरू कर दिया। भीड़ ने मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। इतना ही नहीं लोगों ने एएसआई को टेलीफोन के खंभे से बांध कर भी पीटा।
एएसआई के दो साथी एएसआई भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह निरजीत सिंह को छुड़ाया लेकिन लोगों ने उनका पीछा कर एक बार फिर एएसआई को पीटा और बंधक बना लिया। इसके बाद एसपी हेडक्वार्टर दिलबाग सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और एएसआई को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद भी सरबजोत के परिजन और गांव वाले शांत नहीं हुए और गांधी चौक पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
बाद में पुलिस अफसरों ने ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया। इस संबंध में एसएसपी बटाला दिलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित एएसआई का मेडिकल कराया जाएगा। इसके बाद जो भी कानूनी कार्रवाई होगी, की जाएगी।