सेक्टर-2 स्थित वार्ड नंबर-16 की पार्षद ममता मित्तल के घर सहित पांच घरों में चोरों ने दस्तक दी। वे दो घरों में तो चोरी कर ली, लेकिन तीन घरों में उनका प्रयास असफल रहा।
ममता मित्तल के घर से चोर दो एलसीडी, सोने के दो कंगन व एक चेन चुरा ले गए, जबकि रिटायर्ड कर्नल हरप्रीत सिंह के घर से एक एलसीडी चोरी कर ली।
ये तमाम वारदात सुबह तीन से चार बजे के बीच हुई, क्योंकि दो घरों के बाहर लगे सीसीटीवी में तीन युवकों के धुंधले चेहरे दिख रहे हैं। वे गाड़ी में आए थे। खास बात यह है कि सभी वारदात घर में मालिकों की मौजूदगी में हुई।
पार्षद ममता मित्तल सेक्टर-2 में कोठी नंबर 773 में रहती हैं। वह परिवार सहित घर पर थीं। इसके बावजूद चोर ग्रिल तोड़कर एलसीडी व गहने चुरा ले गए।
इसके बाद चोरों ने मकान नंबर 1037 में रिटायर्ड कर्नल हरप्रीत सिंह के घर में दस्तक दी और फिल्मी स्टाइल में चोरी की।
हरप्रीत सिंह की पत्नी सुबह करीब चार बजे निचले फ्लोर का दरवाजा खोलकर ऊपरी मंजिल पर पाठ करने चली गई। इसी दौरान चोर एलसीडी चुरा ले गए। इसके अलावा मकान नंबर 1031, 1045 व 1046 में भी चोरी की कोशिश की गई।