एक स्कूल में अध्यापिका के साथ टीचर्स द्वारा शर्मनाक हरकत करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। यह हरकत भिवानी के चरखी दादरी के एक स्कूल में हुई। वैश्य स्कूल में कार्यरत अध्यापिका ने शिक्षकों पर अभद्रता और धमकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने तीन टीचर्स के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। स्कूल में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले की जांच खुद डीएसपी कर रहे हैं। उधर आरोपी शिक्षकों ने आरोपों को बेबुनियाद बताया।
वैश्य स्कूल में कार्यरत अध्यापिका ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि सोमवार स्कूल टाइम में ही तीन शिक्षकों ने उससे अभद्रता की और धमकाया।
अध्यापिका का आरोप है कि सोमवार स्कूल में वह क्लास रूम के बाहर खड़ी थी तभी शिक्षकों ने उससे अश्लील भाषा एवं अभद्र व्यवहार किया। अध्यापिका की शिकायत पर शहर पुलिस ने तीन शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीसीटीवी की फुटेज खंगाली
मंगलवार देर सायं तक डीएसपी रमेश कुमार और पुलिस टीम ने मामले की जांच की। डीएसपी ने स्कूल में पहुंच कर सीसीटीवी कैमरे से फुटेज की भी जांच की। डीएसपी ने बताया कि फुटेज में अध्यापिका के साथ कोई छेड़छाड़ होती नहीं दिखी है।
जांच में सामने आया है कि जिस जगह अध्यापिका यह घटना होने की बात कह रही है उस स्थान से वह गुजरी ही नहीं है। डीएसपी के मुताबिक उन्होंने इस मामले को रदद करने के लिए शहर पुलिस को सिफारिश कर दी है।
वहीं शहर पुलिस थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी जांच की जा रही है।
दोनों पक्षों के बुलाकर बातचीत की
स्कूल प्राचार्य बजरंग तंवर ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत मिली थी। दोनों पक्षों को बुलाया और उनसे बातचीत की। मैनेजमेंट के संज्ञान में भी मामला लाया गया। मैनेजमेंट स्तर पर भी दोनों पक्षों में सुलह कराने के प्रयास हो रहे हैं। पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। -
दोषी पर होगी कड़ी कार्रवाई
मंगलवार को ही वैश्य एजूकेशन सोसायटी का प्रशासनिक चार्ज ग्रहण करने वाले एसडीएम गौरव कुमार ने बताया कि घटनाक्रम में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सोसायटी के चार्टर में निर्धारित नियमों के अनुरूप अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो मामले को ऊपरी अधिकारियों को भी भेजा सकता है। पुलिस भी अपने स्तर पर कानूनी कार्रवाई करेगी।