टीचर भर्ती घोटाले में यूटी पुलिस की एसआईटी ने बृजेंद्र नैन नामक सहआरोपी को गिरफ्तार किया है। सोनीपत निवासी बृजेंद्र को भिवानी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को वीरवार को जिला अदालत में पेश कर चार दिन का रिमांड हासिल किया।
केस के जांच अधिकारी डीएसपी कृष्ण कुमार के अनुसार यूटी पुलिस की ओर से मामले में की गई यह पहली गिरफ्तारी है। इससे पहले दिनेश कुमार यादव को पुलिस ने पंजाब विजिलेंस से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। उन्होंने कहा कि अब बृजेंद्र से मामले के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी करनी है। इसके लिए उसे लखनऊ और सोनीपत लेकर जाना है। उससे वे वाहन भी बरामद करने हैं, जिनमें वह कैंडिडेट्स को लेकर डील फाइनल करने के लिए अलग-अलग शहरों में गया था।
नैन पर आरोप है कि उसने दो कोचिंग इंस्टीट्यूट के 25 कैंडिडेट्स से 7-7 लाख रुपये में टीचर भर्ती का पेपर पास करवाने की डील फाइनल की थी। बृजेंद्र के पास सबसे अधिक कैंडिडेट्स सोनीपत से थे। इसके अलावा हरियाणा के अन्य हिस्सों से भी उसके पास कैंडिडेंट्स आए थे ।