पत्नी को अपने साथ गुजरात न ले जाना पति को महंगा पड़ गया। नाराज होकर पत्नी ने वो खौफनाक कदम उठाया कि उसकी जान चली गई। मामला हरियाणा के रोहतक का है। मायके में रह रही एक महिला ने रविवार सुबह खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर हालत में महिला को पीजीआई में भर्ती कराया गया। हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हालांकि ने मरने से पहले महिला मजिस्ट्रेट के सामने अपने पति के खिलाफ बयान दे गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आदर्श नगर कॉलोनी निवासी रमेश की बेटी 30 वर्षीय सपना की शादी करीब पांच साल पहले गांधी कैंप के विक्की से हुई थी। इसके बाद विक्की ने गुजरात में नौकरी तलाश कर ली। वह काफी समय तक घर नहीं आया।
सपना ने विक्की से कई बार कहा कि वह उसे अपने साथ गुजरात ले जाए, लेकिन विक्की ने उसकी बात नहीं सुनी। फिर महिला अपने मायके के आकर रहने लगी। मायके में आने के बाद भी सपना ने विक्की से कई बार गुजरात ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन बात नहीं बनी। जब विक्की ने महिला की बातों पर कोई प्रतिक्रिया देनी बंद कर दी तो वह तनाव में रहने लगी।