चंडीगढ़ की मॉडल एवं इंवेट मैनेजर दिल्ली के पॉश इलाके डिफेंस कॉलोनी के एक घर में मृत मिली। शव के पास मिले सुसाइड नोट में उसने पब मालिक पति व सास पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए दोनों को मौत का जिम्मेदार बताया है।
पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका ने करीब ढाई महीने पहले ही पब मालिक एक व्यक्ति से प्रेम विवाह किया था।
चंडीगढ़ की रहने वाली थी, गुड़गांव में बसा था परिवार
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से चंडीगढ़ की रहने वाली प्रियंका कपूर उर्फ मोंटी (25) पति नितिन चावला (35) के साथ ए-46, डिफेंस कॉलोनी में तीसरी मंजिल पर किराये के फ्लैट में रहती थी। गुड़गांव सेक्टर-49 में इसका मायका है। प्रियंका के पिता अशोक कपूर गुड़गांव में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि मां किरण कपूर डिफेंस कॉलोनी में बुटीक चलाती हैं।
लाजपत नगर पार्ट-1 में भी इनका एक और मकान है। शादी से पूर्व प्रियंका लाजपत नगर में ही रहती थी। कुछ समय पूर्व प्रियंका मॉडलिंग करती थी, लेकिन बाद में उसने एक दोस्त के साथ मिलकर इवेंट मैनेजमेंट का काम शुरू किया। वहीं, नितिन के पास दिल्ली में पंजाबी बाग, ग्रेटर कैलाश और चंडीगढ़ में पांच पब हैं। इसके अलावा उसका स्टील का बड़ा कारोबार है।
परिवार के मुताबिक, 2015 में ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 स्थित पब में एक इवेंट के दौरान नितिन की प्रियंका से मुलाकात हुई थी। नितिन पहले से शादीशुदा था और उसके पास एक बेटा व बेटी भी थे। नितिन को प्रियंका से प्रेम हो गया। पहली पत्नी को दिसंबर में तलाक देकर नितिन ने प्रियंका से छह जनवरी 2016 को शादी कर ली।