घूमने आए बीटेक के छात्र ने बुड़ैल के क्लासिक गेस्ट हाउस में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
गेस्ट हाउस मैनेजर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर पंखे से लटका था। पुलिस ने सेक्टर-16 के जनरल अस्पताल की मोर्चरी में शव रखवा दिया है।
मृतक छात्र की पहचान कैथल निवासी प्रमोद(20) के रूप में हुई। वह कैथल के इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक कर रहा था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। सेक्टर-34 थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बुडै़ल स्थित क्लासिक गेस्ट हाउस के मैनेजर ने पुलिस को शनिवार करीब दो बजे सूचना दी कि गेस्ट हाउस में ठहरा युवक कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है।
सूचना पर बुडै़ल चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो प्रमोद ने पंखे से फंदा लगा रखा था।
पुलिस ने युवक को फंदे से उतारकर अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी प्रमोद के परिजनों को दी। बेटे की मौत की सूचना पर पिता हुक्म चंद चंडीगढ़ पहुंचे।
उन्होंने बताया कि एक महीने पहले बेटा गोवा घूमने के लिए घर से निकला था। वह कैथल से दिल्ली और दिल्ली से गोवा गया था। गोवा जाने बाद प्रमोद तीन दिन पहले चंडीगढ़ घूमने आया था।
उन्होंने बताया कि वह बीटेक कर रहा था। उन्होंने बताया बेटे के फांसी लगाने का कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस प्रमोद के मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही है, ताकि पता चला कि आखिरी बार उसने किससे बात की।
उधर, चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रमोद ने रात 11 बजे गेस्ट हाउस से खाना मांगा था, लेकिन शनिवार दोपहर बाद दो बजे तक दरवाजा नहीं खोला था।