इंस्पेक्टर सुच्चा सिंह की हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसके अग्रवाल की अदालत में दोनों आरोपियों को दोषी करार दे दिया गया। सजा पर फैसला कल सुनाया जा सकता है।
आज हुई सुनवाई में अभियोजन और बचाव पक्ष के वकीलों के बीच बसंत व सरिता की गिरफ्तारी को लेकर जिरह हुई। बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि बसंत की शिनाख्त परेड नहीं हुई है।
सुच्चा सिंह की हत्या का मामला सुलझाने के लिए पुलिस ने प्रेस्टीज इश्यू बनाकार बसंत को गिरफ्तार किया। बचाव पक्ष ने कहा कि सोनीपत में किए गए दोहरे हत्याकांड के बाद बसंत और सरिता की निकाले गए इनामी पोस्टर के जरिए जतिंद्र व अनिल से उसकी पहचान करवा ली गई। बचाव पक्ष ने दलील में कहा कि कांस्टेबल अनिल व चश्मदीद होमगार्ड जवान जितेंद्र के बयानों में कई जगह मतभेद है।
दिल्ली के पहाड़गंज के जिस होटल से सोनीपत पुलिस द्वारा 9 जून, 2013 को बसंत की गिरफ्तारी की बात कही गई थी, उसको लेकर भी बचाव पक्ष ने दलीलें रखी।
बसंत के वकील विनय झ़िगन ने कहा पुलिस ने बसंत की गिरफ्तारी 9 जून 2013 रात 2 बजे दिखाई है। होटल रिकार्ड में एक ओर बसंत व सरिता की होटल में एंट्री 11.35 बजे व एग्जिट 12.48 बजे दिखाई गई है।
ऐसे में उसी होटल से बसंत को 2 बजे कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है। सोनीपत पुलिस के एक पुलिसकर्मी के बयानों को आधार बनाकर झ़िगन ने कहा कि बयानों में बसंत की गिरफ्तारी 8 जून बताई गई, जबकि अन्य जगह उसकी गिरफ्तारी 9 जून बताई गई है।
बचाव पक्ष ने दलील में कहा कि हरिद्वार से 9 तारीख को कथित रूप से बसंत द्वारा वारदात में इस्तेमाल गाड़ी रिकवर की, जबकि यह गाड़ी वहां रेलवे स्टेशन की पार्क़िग में खड़ी बताई गई, जिसकी कोई पर्ची पुलिस नहीं दिखा पाई है।
अदालत में आज भी मामले की सुनवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि इंस्पेक्टर सुच्चा सिंह की 07 जून 2013 की रात जिला अदालत केसामने हत्या कर चंडीगढ़ पुलिस के बर्खास्त कांस्टेबल बसंत और उसकी प्रेमिका सरिता भाग गई थी। हादसे में होमगार्ड जवान जतिंद्र भी घायल हो गया था।
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने बसंत और प्रेमिका पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। अगले ही दिन सोनीपत पुलिस ने सरिता के पति संदीप और सास रोशनी की हत्या मामले में बसंत और सरिता को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बंसत की निशानदेही पर स्विफ्ट कार और एसएलआर बरामद की थी।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)