चंडीगढ़ में बारहवीं क्लास के छात्र की मलोया में टोबे के पास चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। सेक्टर 16 जनरल अस्पताल में डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। उधर, मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि युवक काफी देर यहां तड़पता रहा। अगर पीसीआर जल्दी आ जाती तो युवक की जान बच जाती।
छात्र की छाती में तीन चाकू के निशान पाए गए। मलोया निवासी 18 वर्षीय राहुल डडडूमाजरा में बारहवीं क्लास में पढ़ता था। छात्र की मौत के बाद पुलिस लेट पहुंचने पर लोगों ने सेक्टर 16 जनरल अस्पताल में पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घायल बेटे को अस्पताल लेकर जाने के लिए जब पीसीआर को बुलाया तो काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। गुस्साएं लोगों ने शव को देखने के लिए पुलिस के साथ हाथापाई भी कर डाली। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर रिजर्व फोर्स बुलाई गई। जिन्होंने स्थिति पर काबू पाया। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर फरार हमलावर युवकों की तलाश शुरू कर दी।
सेक्टर 16 जनरल अस्पताल में हंगामा
मलोया निवासी चंद्रभान गौतम ने बताया कि बुधवार रात बेटे राहुल को बुलाने उसके दोस्त अमित ओर दीपू आए थे। राहुल अपने दोस्तों के साथ घर के पास बने टोबे के सैर कर रहे थे। इतने में तीन युवकों ने राहुल पर चाकू से हमला कर दिया। हमलेके दौरान दोनों दोस्त मौके पर भाग गए और परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
पिता ने मौके पर पहुंचकर देखा तो राहुल लहुलूहान हालत में गिरा हुआ था। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। परिजन बेटे को अस्पताल लेकर जाने के लिए पीसीआर का इंतजार करते रहे लेकिन पीसीआर लेट पहुंची। इतने में परिजनों ने राहुल को आटो से अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर डीएसपी क्राइम जगबीर सिंह और एएसपी उर्विजा गोयल पहुंची। डीएसपी क्राइम जगबीर सिंह ने अस्पताल में पहुंचकर लोगों को आश्वासन दिया कि राहुल के हत्यारे को जल्द पकड़ लिया जाएगा। मामले में पुलिस की लापरवाही मिलती है तो कार्यवाही की जाएगी।
मलोया में लोगों ने तोड़ी पीसीआर जिप्सी
पीसीआर द्वार मौके पर लेट पहुंचने पर गुस्साएं लोगाें ने पुलिस पर पत्थराव कर दिया। लोगों ने पीसीआर जिप्सी को तोड़ दिया। डीएसपी क्राइम जगबीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर गांव के लोगों को शांत किया।
मलोया चौकी पुलिस में दी थी शिकायत
छात्र राहुल के पिता चंद्रभान गौतम ने बताया कि बेटे के दोस्तों ने बताया कि था कुछ युवक राहुल से मारपीट कर रहे है। जिसके चलते उन्होंने मलोया पुलिस चौकी में शिकायत भी दी थी लेकिन चौकी पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पुलिस मारपीट करने वाले युवको पर कार्यवाही करती तोआज बेटा जिंदा होता।