जिले के गांव कुलाना में दिल दहला देने वाली घटना हुई। देर शाम घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची अन्नू पर अचानक 10-12 कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया। कुत्तों ने बच्ची के सिर, कमर और पांवों को बुरी तरह नोंच डाला।
इतना ही नहीं, कुत्ते उस मासूम बच्ची को कभी इधर तो कभी उधर घसीटते रहे। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी ताई मौके पर पहुंची और कुत्तों के चंगुल से मासूम बच्ची को बचाया।
परिजन उसे हांसी के सामान्य अस्पताल में ले गए, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया।
गली में खेलते वक्त किया हमला
अन्नू के पिता सज्जन सिंह ने बताया कि बुधवार देर शाम अन्नू घर के बाहर गली में खेल रही थी। उसी वक्त अचानक दस बारह कुत्तों का झुंड आया और उन्होंने बेटी पर हमला बोल दिया। कुत्ते बच्ची को कभी हाथ तो कभी पैरों पर नोंचने लगे।
बच्ची जोर-जोर से चिल्लाती रही, लेकिन खूंखार कुत्तों ने उसे नहीं छोड़ा। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर गली से गुजर रही उसकी ताई संतोष ने यह सब देख लिया। संतोष ने अन्नू को कुत्तों के बीच निकाला, जिसके बाद परिजनों ने उसे हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
बच्ची की हालत नाजुक हो गई थी। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का सामान्य अस्पताल हिसार में इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थित बनी हुई है।
अन्नू के पिता मजदूरी करते हैं। उनके दो बड़े बहन-भाई हैं। करीब दो महीने पहले हिसार शहर में भी ऐसी ही घटना हो चुकी है।
एक मजदूर की बच्ची को एक कुत्ता सिर पकड़कर घसीटता हुआ ले जा रहा था, जिसे गली के लोगों ने बचा लिया था। उसका भी सामान्य अस्पताल में इलाज करवाया गया था।