कार खरीद फरोख्त की आड़ में अफीम सप्लाई करने वाले दो तस्करों को एसटीएफ की टीम ने छाबड़ा कालोनी स्थित लोहटियाज ड्रीम लेन के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों से तीन किलो सौ ग्राम अफीम, 44 लाख रुपये ड्रग मनी और सप्लाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली क्रेटा कार भी बरामद की है।
मोहाली स्थित फेस चार के एसटीएफ थाने में आरोपी लोहटियाज ड्रीम लेन के रहने वाले रमन धवन उर्फ रमन (37) और मॉडल टाऊन के ब्लाक सी में रहने वाले नितिन खुराना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एसटीएफ के जिला इंचार्ज इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी नशा तस्करी का धंधा करते है और अफीम की बड़ी मात्रा में खेप सप्लाई करने के लिए जा रहे है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छाबड़ा कालोनी के पास ही नाकाबंदी कर दी। जब आरोपियों की कार आती दिखाई दी तो उसे रुकने का इशारा किया गया। आरोपियों ने कार भगाने की कोशिश की और वह कामयाब नहीं हो सके।
टीम ने तलाशी के दौरान गाड़ी से अफीम और ड्रग मनी बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी रमन कार खरीद फरोख्त का धंधा करता है, जबकि नितिन शीशे और प्लाई का काम करता है। दोनों आरोपी खुद भी अफीम का सेवन करते है और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों से अफीम सस्ते भाव में लाकर आगे महानगर में महंगे भाव में बेचते है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।