डड्डूमाजरा में बड़े भाई से पैसे मांगने के विवाद में सोमवार की शाम तीन युवकों ने छोटे भाई को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है, जबकि हमले में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार वारदात सोमवार शाम डड्डूमाजरा में हुई। संजय से तीन युवक पैसे मांगने गए थे। इसी दौरान उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देखकर संजय का छोटा भाई पवन कुमार बीच बचाव में आ गया। इसके बाद तीनों युवकों ने उसके ऊपर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।
हमले में पवन के बाजू व पेट में गंभीर चोटें आई। जबकि तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पीसीआर पुलिस ने घायल को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया।
चौकी इंचार्ज रंजीत सिंह के अनुसार आरोपियों की पहचान डड्डूमाजरा निवासी भोला, सलमान व टेला के रूप में हुई है। हालांकि, आरोपियों की तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है। लेकिन, उनका कोई सुराग हाथ नही लगा है।