सेक्टर-26 स्थित बरसाती ढाबे पर रविवार देर रात सात अज्ञात लोगों ने ढाबा मालिक को चाकू मारकर घायल कर दिया, जबकि बीच-बचाव करने आए तीन कर्मचारी भी हमले में जख्मी हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया। वहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पहले खाया खाना, फिर भिड़े
ढाबा मालिक बरसाती लाल के अनुसार, रात करीब 11 बजे तीन लोग ढाबे में आए। वे शराब के नशे में थे। उन्होंने खाना खाने के बाद ढाबे में ही आपस में झगड़ा शुरू कर दिया। इस पर ढाबा मालिक ने आरोपियों को बाहर जाने के लिए कहा दिया। इसके बाद वे तीनों ढाबे से चले गए।
बरसाती लाल ने बताया कि घटना के बीस मिनट बाद ढाबे के सामने दो कारें आकर रुकीं। कार में वह तीनों युवक अपने पांच दोस्तों के साथ ढाबे में घुस गए। आरोपियों ने काउंटर पर बैठे कमल (26) के पेट में चाकू से दो बार वार किए। इस बीच ढाबे पर काम कर रहे कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उनपर चाकू और रॉड से वार कर दिया। हमले में तीन अन्य कर्मचारी भी घायल हो गए।
जबकि, गंभीर अवस्था में ढाबा मालिक कमल को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान किशनगढ़ निवासी बलविंदर सिंह और सेक्टर-28 निवासी चंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी टैक्सी चालक हैं। पुलिस ने वारदात में शामिल दोनों कारें भी बरामद कर ली है।