चंडीगढ़ में स्नैचिंग की वारदातों को रोक पाने में पुलिस नाकाम साबित हुई है। रविवार को एक बार फिर दो जगह महिलाओं से स्नैचिंग की वारदातें सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार सेक्टर-46 निवासी निवासी संतोष के गले से बाइक सवार सोने की चेन तोड़ ले गए।
पीड़िता ने बताया कि वह सुबह सेक्टर 46 मंदिर से घर लौट रही थी। जैसे ही वह हाउस नंबर-213 के पास पहुंची कि पीछे से बाइक सवार दो युवक चेन छीनकर भाग गए। महिला ने बताया कि जिस बाइक पर बदमाश आए थे उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। इसके बाद महिला की शिकायत पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
वही एक अन्य मामले में शॉपिंग के लिए सेक्टर 22 गई महिला के हाथ से बदमाश पांच सौ का नोट छीनकर फरार हो गया। मोहाली फेज पांच की रहने वाली स्वाति रविवार को सेक्टर 22 में शॉपिंग करने आई थी। महिला द्वारा पुलिस को दी शिकायत में कहा गया है कि वह एससीओ नंबर 12 केसामने खड़ी थी। इस दौरान उसने पांच सौ का नोट निकाला ही था कि एक भिखारी जैसा दिखने वाला युवक उसकेपास आया और हाथ से पांच सौ का नोट छीनकर भाग गया। महिला ने युवक का पीछा भी किया लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। महिला ने पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है।