एक बार फिर बाइक सवार बदमाशों ने शहर में दो जगहों पर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के दावों की पोल खोल दी है। बदमाशों ने शहर में एक जगह बुजुर्ग व्यक्ति को शिकार बनाया तो दूसरी जगह महिला से पर्स छीन फरार हो गए। सेक्टर-17 और 36 की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली वारदात सेक्टर-23 में सुबह के वक्त हुई। सेक्टर-23 निवासी तरसेम लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घर के पास खड़ा हुआ है। इतने में पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। तरसेम ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने एरिया की नाकेबंदी की, लेकिन आरोपियों को नहीं पकड़ पाई।
दूसरी वारदात शनिवार शाम को सेक्टर-33/44 वाली रोड पर हुई। सेक्टर-51 की रहने वाली सीमा ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार शाम को ऑटो से अपने घर जा रही थी। सेक्टर-33/44 की रोड पर जैसे ही वह ऑटो से उतरी तो पीछे से एक युवक आया और उसके हाथ से पर्स छीनकर भाग गया। कु छ ही दूरी पर युवक का दूसरा साथी मोटरसाइकिल पर उसका इंतजार कर रहा था। दोनों आरोपी बाइक पर बैठ कर फरार हो गए। सीमा के बैग में सात हजार रुपये की नगदी व मोबाइल फोन था। सीमा ने आस पास मौजूद लोगों की मदद से 100 नंबर पर वारदात की सूचना दी। पीड़ित के बयानों केआधार पर सेक्टर-17 पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।