जालंधर सिविल अस्पताल में मंगलवार को दोपहर बाद उस समय अफर तफरी मच गयी जब मेडिकल करवाने आए पुलिस मुलाजिमों की हिरासत से एक आरोपी भाग गया। आरोपी बस्ती शेख के कोट मोहल्ला निवासी अंकुश पुत्र राकेश कुमार कोट मोहल्ला बस्ती शेख जालंधर पुलिस को पुलिस ने बीते दिन ही स्नैचिंग के आरोप में धरा था।
मंगलवार को जब पुलिस उसका मेडिकल करवाने पहुंची तो वह चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को थाना नंबर 6 की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके अलावा दो और साथी पकड़े गए थे। मंगलवार को थाना छह के मुलाजिम आरोपियों का मेडिकल करवाने के लिए जालंधर सिविल अस्पताल लाए थे।
मुलाजिमों के मुताबिक वह पर्ची बनवा रहे थे। वहां भीड़ बहुत ज्यादा थी और वह धक्कामुक्की करके फरार हो गया। थाना नंबर 4 की पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी परमिंदर सिंह भंडाल के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है।