एसटीएफ और बीएसएफ ने बीओपी जगदीश के पास फेंसिंग पार खेतों में से दो किलो 800 ग्राम हेरोइन और 30 बोर पिस्तौल के 50 कारतूस बरामद कर एक तस्कर को काबू किया है। जबकि तस्कर का दूसरा साथी पहले से ही सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद हैं, जिसके पाक तस्करों से गहरे संबंध हैं। उधर, थाना सदर पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसटीएफ व बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि एसटीएफ ने तस्कर बलदेव सिंह उर्फ देबू वासी गांव निहाले वाला को चौक बारेके के पास से काबू किया था। इसकी निशानदेही पर बीएसएफ की पोस्ट जगदीश के पास फेंसिंग पार खेत में से दो किलो 800 ग्राम हेरोइन और तीस बोर की पिस्तौल के 50 कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ दौरान बलदेव ने बताया कि उसका साथी भजन सिंह उर्फ राणा वासी निहाले वाला जो सेंट्रल जेल में है, वह उसके साथ मिलकर तस्करी का धंधा कर रहा है।
वह जेल में उसके साथ फोन पर संपर्क में रहता था। इसके अलावा वह जेल में भी मिलने जाता रहता था। इस दौरान उससे तस्करी की डील होती रहती थी। एसटीएफ के अधिकारियों का कहना है कि बलदेव पहले 25 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा गया था और तीन साल की सजा हुई थी, इसने किसी तरह अपनी छोटी आयु का सर्टिफिकेट तैयार किया हुआ है। भजन सिंह सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद है और जेल में से ही पाक तस्करों से संपर्क में है। भजन के कहने पर पाक तस्कर भारतीय खेतों में हेरोइन रख जाते हैं, जिसे लाने का कार्य बलदेव करता था। एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि बलदेव की छोटी आयु के सर्टिफिकेट की भी जांच पड़ताल की जा रही है।