दहेज प्रताड़ना की शिकायत लेकर थाने आई महिला के साथ उसके ससुराल वालों ने थाने में पुलिस के सामने ही मारपीट शुरू कर दी।
थाने के अधिकारी महिला के आरोप के संबंध में पूछताछ कर रहे थे, तभी ससुरालियों ने महिला को पीट दिया। महिला की शिकायत पर एक केस दहेज प्रताड़ना का दर्ज हुआ, जबकि दूसरा केस मारपीट और धमकी देने का दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-12ए निवासी युवती की पांच महीने पहले चंडीगढ़ सेक्टर-47 निवासी बिजनेसमैन मनीष बंसल से शादी हुई थी।
पिछले दिनों नवविवाहित अपने मायके आ गई और ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने व गाड़ी मांगने की परिजनों को आपबीती सुनाई। मामला पुलिस तक पहुंचा और काफी दिनों तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चलती रही।
शुक्रवार को दोनों पक्षों को सेक्टर-14 थाने में बुलाया गया। अभी बातचीत चल ही रही थी कि दोनों पक्ष भिड़ गए। इस विवाद में शिकायतकर्ता महिला को भी चोट लगी और उसने थाने में अलग से एक शिकायत दी।
इसके बाद मनीष बंसल, उसके पिता, माता व अन्य पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया। साथ ही मारपीट का एक अलग केस दर्ज हुआ।