राजस्थान के नागौर में मार्बल से भरा एक ट्रक कार पर पलट गया। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार सभी लोग हरियाणा के रहने वाले थे। पांच मृतक फतेहाबाद जिले से तो एक हिसार का निवासी था। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, मरने वालों में दो सगे भाई हैं। बताया जा रहा है कि हादसा गोवंश को बचाने के चलते हुआ। गोवंश को बचाते हुए ट्रक कार की ओर आ गया और कार से टकरा गया। टक्कर होते ही चालक ने कार सड़क से उतारी, जहां मिट्टी गीली थी और कार धंस गई। नियंत्रण खोकर ट्रक भी कार पर पलट गया।
हादसे में कार में सवार महेंद्र पुत्र रामस्वरूप, विनोद पुत्र सुरजाराम, राजवीर पुत्र हनुमानराम व राधेश्याम पुत्र मनोज सहित दो अन्य की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतकों की उम्र 35 से 40 वर्ष के करीब बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग अपने गांव किड़दान से जोधपुर की ओर जा रहे थे।
सभी युवक हरियाणा से बुधवार को दोपहर 12 बजे जोधपुर घूमने का बोलकर निकले थे। वहीं ट्रक 18 चक्कों का था, जिसमें करीब 35 टन से अधिक वजन की मार्बल और टाइलें भरी हुई थीं। वजन इतना था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार से शव को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शवों को निकालने के लिए जेसीबी तक बुलानी पड़ी।