हादसे में नारनौंद के मिलकपुर निवासी ईको वैन चालक 34 वर्षीय दिनेश उर्फ सन्नी, हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी तहसील के गांव शीलवाला कलां निवासी 65 वर्षीय सोहन लाल, 49 वर्षीय ओमप्रकाश, 19 वर्षीय सचिन, 28 वर्षीय कुलदीप और 33 वर्षीय भूपेंद्र सिंह की मौत हो गई। हांसी के सामान्य अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया।
घायलों की पहचान रानियां के गेदरा निवासी जतिन, शीलवाला निवासी कुलदीप, विक्रम, अभिषेक, भादरा के हंतपुरा निवासी रोहताश और श्रीगंगानगर के कुपली निवासी श्रवण के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल रोहताश के बयान पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 283 व 304ए के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल डंपर चालक फरार है।
पुलिस धुंध, ओवरटेकिंग और नींद की झपकी आने के एंगल से कर रही जांच
पुलिस हल्की धुंध, ओवरटेकिंग करना या फिर नींद की झपकी आने के एंगल से जांच कर रही है। घायल श्रवण, रोहताश के अनुसार धुंध इतनी नहीं थी कि कुछ दिखाई न दे लेकिन उनका ध्यान सड़क की तरफ नहीं था, जिससे वे हादसे के कारण से अनजान हैं।
नारनौंद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह के अनुसार धुंध के अलावा हादसे का कारण ओवरटेकिंग भी हो सकता है। नींद की झपकी आना भी हादसे का कारण हो सकता है, क्योंकि सड़क पर ब्रेक लगने से टायरों के कोई निशान नहीं हैं। जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।