प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अधिकारी
जालंधर देहात पुलिस ने 6 बदमाशों को हथियारों और नशीले पदार्थों सहित गिरफ्तार करने का दावा किया है। इनके कब्जे से 10 पिस्तौल, 76 कारतूस और 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह उर्फ कारी निवासी गांव मोरांवाली खेड़ा जिला होशियारपुर, तेजपाल सिंह उर्फ तेजा निवासी हदियाबाद जिला कपूरथला, सोमनाथ उर्फ सोमा निवासी मोहल्ला खूहीवाला थाना फिल्लौर, सुनिंदरपाल उर्फ छिंदा निवासी सेलकीआणा थाना फिल्लौर और विजय कुमार निवासी मलसियां थाना शाहकोट के रूप में हुई हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी (देहाती) नवजोत सिंह माहल ने बताया कि सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने गश्त के दौरान पुल सूआ पर एक नाकेबंदी के दौरान महमदपुर से आती एक एक्सयूवी और मोटरसाइकिल रोककर दोनों वाहनों पर सवार आरोपियों की चेकिंग की। इस पर 10 पिस्तौलें, 76 कारतूस और 260 ग्राम हेरोइन बरामद की।
आरोपियों में जसकरण सिंह उर्फ कारी की उम्र महज 18 साल हैं और उस पर प्रदेश भर में हत्या व लूटपाट के 17 मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंग का सरगना है और होशियारपुर जुवेनाइल जेल की सलाखें तोड़कर भाग गया था। इसने गुरप्रीत सिंह गोपी उर्फ डल्लेवाल के साथ मिलकर एक गैंग बनाया है। गिरफ्तार किए गए बाकी अन्य आरोपियों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा देहात पुलिस के लांबड़ा थाना में एक अन्य युवक को असलहा एक्ट में गिरफ्तार किया गया है। यह युवक इस मामले में भगोड़ा था। आरोपी का नाम रणजीत सिंह उर्फ रणिया निवासी जिला होशियारपुर है। इसके कब्जे से एक पिस्तौल 315 बोर और 3 कारतूस बरामद हुए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी (इनवेस्टीगेशन) बलकार सिंह, डीएसपी (इनवेस्टीगेशन) लखबीर सिंह व सीआईए स्टाफ-टू इंचार्ज इंस्पेक्टर शिव कुमार उपस्थित थे।