ट्रांसपोर्ट एरिया में एटीएम तोड़कर डकैती की योजना बना रहे छह बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया।
इस गिरोह को बुधवार देर रात सुखना पुल के पास से पकड़ा। इसी गिरोह ने मंगलवार देर रात दो लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
इनमें से एक युवक को बदमाशों ने चाकू मारकर घायल भी कर दिया था। पुलिस ने कुल तीन वारदात के खुलासे का दावा किया है। वीरवार को पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
सेक्टर 26 थाना पुलिस के अनुसार प्रभारी को सूचना मिली कि छह युवक सुखना पुल के पास एटीएम तोड़कर डकैती की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी युवक इधर-उधर भागने लगे। इस पर पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पुलिस उन्हें पकड़कर थाने लाई और पूछताछ की।
युवकों की पहचान सेक्टर 26 स्थित बापूधाम निवासी सूरज, प्रदीप, बीरू, सुशील कुमार, पंकज और धनास के मनोज कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि मंगलवार रात ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट पर दड़वा निवासी जतिन से मोबाइल और 400 रुपये छीने थे।
इसके बाद गिरोह ने मनीमाजरा निवासी राजीव शर्मा की पिटाई कर एक हजार रुपये छीनने की बात कबूली। वहीं इससे पहले वह जनवरी में ट्रांसपोर्ट एरिया से ही बबलू से भी नगदी छीन चुके हैं।
वीरवार को पुलिस ने सभी को जिला अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।