सिप्पी के परिजन 24 दिसंबर को प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। सिप्पी सिद्धू के भाई जिप्पी ने बताया की पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन से सिर्फ 15 लोगों को पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन करने की इजाजत मिली है।
उन्होंने बताया कि उनका प्रदर्शन 24 दिसंबर को शाम पांच बजे होगा। प्रदर्शन में एनजीओ मिडिल फिंगर प्रोटेस्ट ग्रुप के प्रभलोच सिंह भी शामिल होंगे।
परिजनों का कहना है कि वह सैकड़ों की संख्या में पीएम आवास की तरफ मार्च करेंगे। हालांकि सिर्फ 15 लोग ही आवास के करीब जाकर धरना देंगे। इस समय सिप्पी के परिजन दिल्ली में ही हैं।
पुलिस की याचिका को चुनौती देगी जज की बेटी
उध्ार सिप्पी मर्डर केस में पुलिस की ओर से संदिग्ध मानी जा रही जज की बेटी पुलिस की ब्रेन मैपिंग और लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की अर्जी को चुनौती देगी।
मंगलवार को जिला अदालत में एसीजेएम की कोर्ट में अर्जी पर सुनवाई हुई। हालांकि समन रिसीव होने के बावजूद वह कोर्ट नहीं पहुंचीं। उनकी ओर से उनके वकील कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि वह यूटी पुलिस की ओर से दायर याचिका को चुनौती देंगी।
इसके लिए उन्होंने कोर्ट से वक्त मांगा। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 जनवरी की तारीख तय की है। अब तक पुलिस को जांच में युवती की भूमिका संदेह के घेरे में लगी है।
इस मामले में एसआईटी हाइकोर्ट की एक जज की बेटी से दो बार पूछताछ भी कर चुकी है, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने अदालत में अर्जी दायर की थी।