भटिंडा में शनिवार देर रात्रि लोगों ने देह व्यापार के धंधे में शामिल लोगों को एक घर में बंद कर दिया। सुर्खपीर रोड की गली नं. 22 के नजदीक लोगों ने एक देह व्यापार के अड्डे का पर्दाफाश करते हुए उक्त धंधे में शामिल लोगों को एक घर में बंद कर दिया। बाद में पुलिस को मौके पर बुलाकर उक्त लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करके गुस्सा निकाला।
लोगों ने बताया कि पुलिस को इस अड्डे के बारे में कई बार सूचित किया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इस कारण लोगों को अपने स्तर पर कार्रवाई करनी पड़ी। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि उन्होंने सूचना के आधार पर छापेमारी कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है व करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
महिला प्रवीन कौर व उसकी बहू इच्छा मिलकर अपने घर में कर रही थीं धंधा
सेक्स रैकेट
- फोटो : amar ujala
मौके पर मौजूद मोहल्ला वासियों ने बताया कि एक महिला प्रवीन कौर व उसकी बहू इच्छा मिलकर अपने घर में उक्त धंधा कर रही थीं, जिससे आसपास के लोगों को मुश्किलें पेश आ रही थीं। इस बारे में करीब एक माह पहले पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गत रात्रि भी करीब आधा दर्जन लोग उक्त घर में मौजूद थे तो लोगों ने घर के बाहर एकत्र होकर बाहर से कुंडी लगा दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पी.सी.आर. मुलाजिम पहुंचे व उन्होंने थाना कैनाल कालोनी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया, जबकि कई फरार हो गए। थाना कैनाल के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें कुछ अज्ञात लोग भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 2 दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की है।