दिल्ली से मनीमाजरा आए व्यापारी से मंगलवार को दोपहर प्रेस लाइट प्वाइंट पर तीन बाइक सवार लाखों रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने कंट्रोल रूम में कॉल कर वारदात की जानकारी पुलिस को दी।
सेक्टर-3 थाना प्रभारी मलकीत सिंह के अनुसार शिकायत दिल्ली निवासी निशांत कुठारी ने दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता की दिल्ली में स्पेयर पार्ट की होलसेल की दुकान हैं। उसके एक रिश्तेदार की दुकान मनीमाजरा में है। जहां वह अपने मॉल के पैसे लेने आया था।
इसके बाद उसने मंगलवार को बैग में सात लाख रुपये लिए और मनीमाजरा से ऑटो हायर किया। शिकायतकर्ता ने ऑटो वाले से कहा कि उसे सेक्टर-17 स्थित बस स्टैंड जाना हैं। वहीं बस स्टैंड के लिए वह अकेले ऑटो में निकला था। शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रेस लाइट प्वाइंट पर रेड लाइट होने की वजह से ऑटो रुका।
इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर तीन युवक आए और उन्होंने हाथ से बैग छीनने की कोशिश की। हालांकि उसने आरोपी से कुछ सेकेंड झपटा-झपटी की। लेकिन तीनों बाइक सवार उसका बैग छीनकर फरार हो गए।
इसके बाद उसने मामले की शिकायत कंट्रोल रूम में दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर सेक्टर-17 थाना पुलिस, सेक्टर-3 थाना पुलिस और डीएसपी व क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची। लेकिन पुलिस की पड़ताल के बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
पहले से आरोपियों ने की रैकी
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी बाइक सवार पहले से ही उसके ऑटो के पीछे लगे थे। लेकिन उसे इस वारदात की आशंका नहीं थी। वहीं एक बाइक बाइक पर तीन लोग सवार थे और रैकी कर रहे थे। बाद में सात लाख की स्नैचिंग कर फरार हो गए। वारदात के बाद ट्रैफिक पुलिस व पीसीआर पुलिस कटघरे में है।