नकली कीटनाशक घोटाले में बठिंडा पुलिस की ओर से काबू किए कृषि विभाग से निलंबित डायरेक्टर डॉ. मंगल सिंह संधू ने पुलिस रिमांड के दौरान कई खुलासे किए हैं।
इससे कीटनाशक कंपनियों के मालिकों व कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। वह खुद को बचाने के लिए अपने राजनेताओं के पास जा रहे हैं। कुछ कंपनियों के मालिक और विभाग के अधिकारी अंडरग्राउंड भी हो चुके हैं।
पुलिस रिमांड के दौरान मंगल संधू की ओर से लगातार किए जा रहे खुलासों के बाद कृषि मंत्री तोता सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस और किसान जत्थेबंदियां प्रदेश सरकार से तोता सिंह के इस्तीफे की मांग कर रही है। वहीं शिरोमणि अकाली दल में भी तोता सिंह के इस्तीफे की मांग उठने लगी है। इस वजह से मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल एक दो दिन में फैसला ले सकते हैं।