फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: यूको बैंक में 6.5 लाख रुपये की लूट, सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या

Thu, 15 Oct 2020 06:01 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर (पंजाब)

सार

  • आदमपुर शाखा में चार नकाबपोश लुटेरों ने दिया वारदात को अंजाम
  • लुटेरों ने सुरक्षाकर्मी के सिर, पैर में मारी गोली, बंदूक भी साथ ले गए
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आदमपुर के गांव कालरा स्थित यूको बैंक में गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे हथियारबंद चार नकाबपोश लुटेरों ने सुरक्षाकर्मी की गोलियां मारकर हत्या कर दी और बैंक से 6.5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। लुटेरे सुरक्षाकर्मी की बंदूक भी साथ ले गए। इस वारदात के बाद सनसनी फैल गई। बैंक डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे जिले को सील कर दिया। एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लो समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। प्राथमिक जांच में पता चला कि लुटेरे दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए थे।

विज्ञापन


मृतक गार्ड की पहचान सुरिंदर सिंह निवासी डरोली कलां के रूप में हुई है। बैंक के शाखा प्रबंधक संजय चोपड़ा ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे चार लुटेरे बैंक के अंदर आए, जिनके चेहरे पर ढके थे। दो लुटेरे कैश काउंटर की तरफ चले गए। बैंक के सुरक्षाकर्मी सुरिंदर सिंह को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगी तो वह उनके पास गया। इस पर उसकी उनसे हाथापाई हो गई। लुटेरों ने उसे दो गोली मारी। एक गोली पैर और दूसरी गोली सिर में लगी। इसके बाद लुटेरे कैशियर से करीब 6.5 लाख की नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सबसे पहले आदमपुर थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा पहुंचे, जिसके बाद आला पुलिस अधिकारी जालंधर से घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पुलिस के मुताबिक लुटेरे करेंसी का ट्रंक और सुरक्षाकर्मी की बंदूक भी साथ लेकर फरार हो गए। पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

एसीपी डिटेक्टिव मनप्रीत सिंह ढिल्लो का कहना है कि पुलिस की तरफ से हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। जिले को सील कर दिया गया है। बैंक की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है और बैंक की तरफ आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। लुटेरे दोपहिया वाहनों पर आए थे, इसलिए प्रबल संभावना है कि वह आसपास के इलाके के रहने वाले हैं। उनका हुलिया और वाहनों की शिनाख्त करने के लिए पुलिस नेटवर्क तेजी से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुलिस लुटेरों तक पहुंच जाएगी।

सुरक्षाकर्मी सुरिंदर सिंह ने बहादुरी से किया मुकाबला
बैंक कर्मचारियों के मुताबिक सुरक्षाकर्मी सुरिंदर सिंह ने काफी बहादुरी दिखाई। लुटेरों के साथ उसकी हाथापाई हुई। वह मुकाबला करता रहा। एक लुटेरे ने गोली उसके पैर में मारी। इसके बाद भी सुरिंदर ने हिम्मत नहीं हारी और गोली लगने के बाद भी जूझता रहा। इस पर लुटेरों ने उसके सिर में दूसरी गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

चश्मदीद की जुबानी बैंक डकैती की कहानी
बैंक डकैती के प्रत्यक्षदर्शी प्यारा सिंह का कहना है कि वह दोपहर को किसी कार्य के लिए बैंक गए थे। वह बैंक मैनेजर के पास बैठे थे। इसी बीच चार नकाबपोश अंदर आ गए। बैंक मैनेजर ने उनको सामने कुर्सी पर बैठने को कहा। दो लुटेरों के पास बैंक का सुरक्षाकर्मी आ गया और उनकी हाथापाई होने लगी। बाकी दोनों लुटेरों ने पिस्तौल दिखाकर सभी के हाथ ऊपर कराए।

लुटेरों ने सुरक्षाकर्मी सुरिंदर सिंह की बंदूक छीनकर गोलियां निकाल ली। प्यारा सिंह का कहना है कि सभी लुटेरों के पास हथियार थे। लुटेरे पहले सुरक्षाकर्मी के साथ भिड़ गए और जब वह बहादुरी से मुकाबला करता रहा तो एक लुटेरे ने उसके पैर पर गोली मार दी तो दूसरे लुटेरे ने आवाज दी कि यह हटेगा नहीं, इसको मार डालो। इस पर एक लुटेरे ने उसके माथे पर गोली मार दी। 

एक लुटेरे ने हम सभी को एक कमरे में एकत्रित कर लिया और पिस्तौल तानकर खड़ा हो गया। दो लुटेरे कैश काउंटर की तरफ चले गए और कैशियर से चाबी मांगी। इस पर उसने कहा कि स्ट्रांग रूम की चाबी उसके पास नहीं है। एक लुटेरे ने कैश के बारे में पूछा तो कैशियर ने कहा कि सामने कैश पड़ा है। इस पर लुटेरों ने कैश काउंटर से ट्रंक को उठाया और फरार हो गए। प्यारा सिंह का कहना है कि यह सबकुछ एक फिल्म की तरह हुआ और चंद मिनट में ही लुटेरे वारदात कर फरार हो गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें