सेक्टर-26 की सुनसान मार्केट में रविवार अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे चोरों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम काटा। वे मशीन के ऊपरी हिस्से को काटकर जैसे ही निचले हिस्से को उखाड़ने का प्रयास करने लगे, आसपास के इलाके में गश्त कर रही पीसीआर वैन को देखकर चोर मौके से फरार होने लगे।
खुली डिग्गी के साथ तेजी से भगाई जा रही कार को देखकर पुलिस भी पीछे लगी, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि माजरा क्या है?
आखिरकार, कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस लौट आई, तब पता चला कि चोर एटीएम काटकर ले जाने की फिराक में थे। बहरहाल, एटीएम में मौजूद करीब 18 लाख रुपये सुरक्षित हैं। सेक्टर-26 की मार्केट में एसबीआई का एटीएम है। यहां किसी गार्ड की ड्यूटी नहीं होती है।
कैश बॉक्स तक नहीं पहुंच सके थे चोर
जब पुलिस को एटीएम काटने की जानकारी मिली तो एरिया में गश्त कर रही एसएचओ मोबाइल टीम भी मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि चोर कैश बाक्स तक नहीं पहुंच सके थे। चंडीमंदिर थाना प्रभारी ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया।
16 जुलाई से ही बंद थे सीसीटीवी
बैंक अधिकारी ने एटीएम की जांच की, जिसमें पता चला कि कैश बॉक्स में रखे 17 लाख 94 हजार रुपये सुरक्षित हैं। जांच में यह भी पता चला कि सीसीटीवी 16 जुलाई से ही बंद थे और उस दिन से कोई फुटेज भी नहीं थी।