पटियाला के अकाली पार्षद, एक वरिष्ठ अकाली नेता समेत तीन लोगों की शिमला-कालका नेशनल हाईवे पर बडोग के पास शनिवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनाें के साथ बिजनेसमैन बलजीत सिंह बल्ली भी थे। गंभीर रूप से घायल बलजीत सिंह का पटियाला के अमर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पटियाला के 46 नंबर वार्ड के मौजूदा अकाली पार्षद प्रभजीत सिंह डिक्सी (50) निवासी त्रिपड़ी, वरिष्ठ अकाली लीडर अमरजीत सिंह पटवारी (45) निवासी त्रिपड़ी, कश्मीरियां वाला टोभा के रहने वाले बिजनेसमैन छिंदर सिंह और बिजनेसमैन बलजीत सिंह बल्ली घूमने के लिए सोलन गए थे।
शनिवार रात सभी टाटा सूमो से वापस लौट रहे थे। रास्ते में रात करीब नौ बजे शिमला-कालका नेशनल हाईवे पर बडोग के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर 70 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अकाली पार्षद प्रभजीत डिक्सी, अकाली लीडर अमरजीत सिंह पटवारी, बिजनेसमैन छिंदर सिंह की मौत हो गई है। इनका चौथा साथी बलजीत सिंह बल्ली गंभीर घायल है। उसे पटियाला के अमर अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
अकाली पार्षद व लीडर की मौत की खबर से पटियाला के स्थानीय नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई। पीड़ित परिवार भी सदमे में हैं। रविवार दोपहर अकाली पार्षद डिक्सी और अकाली लीडर अमरजीत सिंह पटवारी का त्रिपड़ी स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया।