कोलकाता से दिल्ली और वहां से पैसे लेकर घर लौट रहे होजरी व्यापारी न्यू शिवाजी नगर निवासी सचिन अहुजा (32) को वीरवार देर रात को अज्ञात लुटेरों ने नशीला पदार्थ खिला लूट लिया।
आरोपी उससे मारपीट करने के बाद उसके कब्जे से करीब साढ़े आठ लाख की नकदी लेकर फरार हो गए। सचिन शुक्रवार सुबह लोकल अड्डा के समीप सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ा मिला।
पुलिस मुलाजिमों ने देख उसके घर का पता लगाया। उसे इलाज के लिए सीएमसी अस्पताल दाखिल कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सचिन अहुजा के भाई हैप्पी ने कहा कि वह होजरी गुड्स का काम करता है। करीब एक हफ्ते पहले वह कोलकाता पैसे लेने के लिए गया था। वहां काम खत्म करने के बाद वह फ्लाइट के जरिये दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। दिल्ली में पार्टियों से पैसे लेने के बाद वह दिल्ली से अंबाला तक टैक्सी में सवार होकर आ गया। उस समय उसके पास करीब साढ़े आठ लाख रुपये की नकदी थी। अंबाला से उसने टैक्सी ली और लुधियाना के लिए चल पड़ा।
हैप्पी ने बताया कि रास्ते में सचिन के साथ कितने लोग थे क्या हुआ उसे कुछ मालूम नहीं है। शुक्रवार की सुबह सचिन लोकल अड्डा के पास बेसुध हालत में मिला। पुलिस मुलाजिमों ने उसे संभाला और किसी तरह उनके घर का पता लगाया। जब वह मौके पर पहुंचे तो सचिन बेसुध था और उसके शरीर पर कुछ चोटें भी लगी हुई थी। इससे आशंका जताई जा सकती है कि अज्ञात लोगों ने उसे नशीला पदार्थ खिला उसके साथ मारपीट की। उसके पास रखे पैसे लूट कर फरार हो गए।
थाना कोतवाली के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरिंदर मोहन ने कहा कि पुलिस के पास इसकी शिकायत आ चुकी है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है।