चोरों के हौंसले बुलंद हो चुके हैं कि एक ही रात में दो घरों में आतंक मचा दिया। लाखों के जेवर और हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर गए। टोहाना, भूना में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम देने के बाद चोरों ने अगला निशाना फतेहाबाद शहर को बनाया है। वीरवार देर रात अज्ञात चोरों ने शहर में दो जगह चोरी की वारदातों को अंजाम देते हुए दो घरों से लगभग 11 लाख के जेवर और ३० हजार की नकदी चुरा ली।
इसमें एक ही घर से चोरों ने लगभग 10 लाख के गहने और 10 हजार की नकदी चुराई है। घटना के वक्त दोनों परिवार घर पर नहीं थे और चोरों ने गेट पर लगे ताले को तोड़कर घर के अंदर कदम रखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बिजली बोर्ड से रिटायर्ड लक्ष्मणदास कंबोज साथ लगते गांव अयालकी में एक दरगाह को बहुत मानते हैं और बीती रात 10 बजे वो दरगाह पर आयोजित भंडारे पर चले गए।
देर रात ३ बजे जब वो परिवार सहित घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। अंदर के दो कमरों में सामान बुरी तरह बिखरा पड़ा था और सारी अलमारियां और बैड की दराजें खुली हुई थी। परिजनों ने सामान संभाला तो घर की अलमारी में रखा तकरीबन 30 तोले सोना, 10 तोले चांदी और दस हजार रूपए की नकदी गायब थी। चोरों ने गऊशाला के लिए रखी गई गुल्लक को भी नहीं बख्शा और उसे भी उठा कर ले गए।
इस चोरी की वारदात से सदमे में आए लक्ष्मणदास के परिजनों ने शोर मचाया और पड़ौसियों को इकटठा किया। आसपास चोरों की तलाश की गई लेकिन चोरों का कहीं कोई पता नहीं चला। सुबह पुलिस को सूचित किया गया जिकसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने हालात का जायजा लिया और परिजनों के बयान दर्ज किए। साथ लगते गुरुद्वारे के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
उधर दूसरी ओर इसी गली के सामने लगती एक और गली में बंद पड़े मकान पर भी चोरों ने हल्ला बोला। इंद्रपुरा निवासी नानकचंद का परिवार पिछले दो दिन से एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जींद गया हुआ था। शुक्रवार सुबह जैसे ही वो अपने घर पहुंचे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ है। चोर उनके घर से लगभग २ तोले के सोने के जेवर, कुछ चांदी की पाजेब और २० हजार के करीब कैश लेकर फरार हो गए हैं।