चंडीगढ़ के ज्वेलरी शोरूम में लूट
- फोटो : amar ujala
सेक्टर-17 स्थित फॉरएवर डायमंड शोरूम में 14 करोड़ की लूट का ड्रामा रचने के आरोपी विनोद वर्मा की जमानत याचिका मंगलवार को सीजेएम कोर्ट ने खारिज कर दी। वहीं सोमवार को सीजेएम कोर्ट ने सहआरोपी शिवानी की भी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
बीते शुक्रवार को विनोद की ओर से दायर याचिका में कहा गया था कि वह बीमार है और उसे मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत है। साथ ही कहा था कि पुलिस ने उसे मामले में फर्जी फंसाया है। इसके अलावा पुलिस उससे सब कुछ रिकवरी कर चुकी है और वह पुलिस को हर स्तर पर जांच में सहयोग कर चुके हैं। ऐसे में उसे जमानत का दी जाए।
इसके जवाब में सेक्टर-17 पुलिस ने याचिका का विरोध करते हुए कहा था कि पुलिस को अभी मुख्य आरोपी रजनीश को गिरफ्तार करना है। साथ ही उनसे कैश भी रिकवर करना है। ऐसे में अगर किसी आरोपी को जमानत दी गई तो वह बाहर आकर सबूतों से छेड़छाड़ कर सकता है और गवाहों पर असर डाल सकता है। इसलिए उन्हें जमानत न दी जाए।